कामयाबी: पुलिस ने 24 घंटे में कर दिया वाहन चोरी का खुलासा, आरोपी को नशे की लत ने बनाया चोर
पुलिस ने आरोपी को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत दबोचा, पार्ट्स बेचने की थी तैयारी
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने वाहन चोरी की थी। आरोपी मोटरसाइकिल के पार्ट्स निकालकर उन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को अब्दुल कादिर पुत्र मोहम्मद इरफान ने अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्रो संख्या यूके-16-डी-8414 के पांवटा रोड, खाला के पास हरबर्टपुर से चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली विकासनगर में मुकदमा अपराध संख्या 278/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 10 और 11 सितंबर की मध्यरात्रि चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कुंजा से हाईवे जाने वाले रास्ते से आरोपी विकास को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। वह वाहन के पार्ट्स अलग कर उन्हें बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया।

