शिकंजा:क्रिप्टो ट्रेडिंग में 12 करोड़ की ठगी में कोर्ट के आदेश पर लवीश चौधरी पर नया केस दर्ज

शिकंजा:क्रिप्टो ट्रेडिंग में 12 करोड़ की ठगी में कोर्ट के आदेश पर लवीश चौधरी पर नया केस दर्ज
Spread the love

 

देहरादून(आरएनएस)।  क्रिप्टो करेंसी और फॉरेक्स ट्रेडिंग के झांसे में 12 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी में विदेश भाग चुके लवीश चौधरी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस द्वारा कोई सुनवाई न किए जाने पर न्यायालय की शरण ली गई। अपर सिविल जज (षष्ठम) सीनियर डिवीजन की अदालत के आदेश पर रायपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, बड्स एक्ट और धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृष्ण विहार, नथुवावाला निवासी अनूप सिंह ने अपने अधिवक्ता के जरिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़ित के अनुसार करीब तीन साल पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के घासीपुरा निवासी लवीश चौधरी उर्फ नवाब अली ने उनसे और अन्य स्थानीय लोगों से संपर्क किया था।
लवीश चौधरी ने अरबों रुपये ठगे:  
आरोपी ने बोट ब्रो, यॉर्कर एफएक्स, टीएलसी कॉइन और माइन क्रिप्टो जैसे कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सोशल मीडिया व सेमिनार के जरिए जमकर प्रचार किया था। आरोपी ने निवेशकों को ऑटोमेटेड क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए हर महीने 5 से 6 प्रतिशत के रिटर्न का भरोसा दिलाया। उसकी बातों और सोशल मीडिया के प्रचार में आकर देहरादून क्षेत्र के लगभग 140 से 160 लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई इन प्लेटफॉर्म्स पर निवेश कर दी। शुरुआती दौर में विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने बाद में जमा रकम निकालने की सुविधा बंद कर दी और फरार हो गया। इस तरह उसने कुल 12 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम डकार ली। शिकायतकर्ता अनूप सिंह ने बताया कि उन्होंने 24 अक्तूबर 2025 से लेकर मई 2026 तक कई बार रायपुर थाने के एसओ और एसएसपी देहरादून को डाक और व्यक्तिगत रूप से शिकायती पत्र दिए। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने डिजिटल सबूतों, बैंक ट्रांजेक्शन और पीड़ितों की सूची के साथ न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। बता दें कि आरोपी लवीश चौधरी कई साल पहले विदेश भाग चुका है।

भारत के कई राज्यों में नेटवर्क फैला
लवीश चौधरी बोट ब्रो व टीएलसी कॉइन नेटवर्क के जरिए देशभर में अरबों रुपये ठग चुका है। गैंग का जाल केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित देश के कई राज्यों में फैला था। यह गिरोह पॉन्जी स्कीम की तर्ज पर काम करता था। इसके लिए महंगे होटलों में सेमिनार कराए, एजेंट बनने वालों को विदेशी ट्रिप का लालच दिया। शुरुआती निवेशकों को मोटा रिटर्न देकर पहचान बनाई।

Parvatanchal