बड़ी ख़बर: देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 3 घायलों की हालत गंभीर
देहरादून(आरएनएस)। देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर मणिमाई के पास बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे अनियंत्रित खड़े लोडिंग वाहन से पीछे से आ रही इको गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में इको सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी 7 लोग रोहतक, हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार इको गाड़ी देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे लोडिंग वाहन का अचानक टायर निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ा हो गया। पीछे से आ रही इको गाड़ी को चालक ने संभाल नहीं पाया और लोडिंग वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। आगे बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य घायलों की भी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही हर्रावाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हर्रावाला चौकी प्रभारी निरीक्षक कमलेश गौड़ ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। तीन घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

