कामयाबी: डोईवाला में दुकान से हुई चोरी का पुलिस ने किया छह घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। डोईवाला में दुकान में चोरी की घटना का दून पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 5200 रुपये की नगदी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, नई बस्ती कुड़कावाला निवासी नसीफ पुत्र कुर्बान अली ने 16 अक्टूबर को कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 और 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि अज्ञात चोर उनकी दुकान में रखे 5200 रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों का सत्यापन किया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 16 अक्टूबर को सौंग नदी पुल के पास डोईवाला में चेकिंग के दौरान वसीम उर्फ मुन्ना (22) पुत्र इकराम, निवासी नई बस्ती कुड़कावाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई पूरी 5200 रुपये की नगदी, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए।
चोरी की घटना के खुलासे में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, सहायक उपनिरीक्षक प्रेम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल सोविंद्र कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी से बरामद दस्तावेज और नगदी चोरी की घटना से संबंधित हैं।

