महाठग: बुजुर्ग महिला को ब्लू डार्ट का नंबर खोजना पड़ा महंगा, अपराधियों ने खातों से उड़ा लिए 1.41 लाख रुपए
देहरादून। साइबर ठगों ने ऑनलाइन कूरियर सेवा का कस्टमर केयर नंबर खोजने वाली 63 वर्षीय महिला को अपना शिकार बना लिया। ऑर्डर के पते का सत्यापन कराने के लिए इंटरनेट से ब्लू डार्ट का नंबर निकालकर कॉल करना महिला को महंगा पड़ गया। ठग ने गूगल पे के माध्यम से महज पांच रुपये भेजने को कहा। प्रक्रिया पूरी करते ही महिला के एसबीआई और केनरा बैंक खातों से कुल 1.41 लाख रुपये निकल गए। पीड़िता की शिकायत पर बसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोहित नगर निवासी सरिता गुप्ता ने तहरीर में बताया कि 12 अक्तूबर को उन्हें अपने एक ऑर्डर के पते का सत्यापन कराना था। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर ब्लू डार्ट का कस्टमर केयर नंबर खोजा और उस पर कॉल किया। फोन उठाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने पता सत्यापित करने के नाम पर गूगल पे के जरिए पांच रुपये भेजने को कहा। महिला ने उसके बताए निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की तो कुछ ही देर में उनके बैंक खातों से रकम कटने के संदेश आने लगे।
पीड़िता के एसबीआई और केनरा बैंक खातों से कुल 1.41 लाख रुपये की निकासी हो गई। ठगी का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसओ बसंत विहार अमित शर्मा ने बताया कि गुरुवार को साइबर ठगी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ऑनलाइन खरीदारी या कूरियर संबंधी जानकारी के लिए इंटरनेट पर मिले अनजान कस्टमर केयर नंबरों पर भरोसा करने से बचें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर यूपीआई भुगतान, स्क्रीन शेयरिंग या बैंकिंग संबंधी प्रक्रिया पूरी न करें। खाते से धोखाधड़ी से रकम निकलने पर तत्काल बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

