दबंगई: अवैध केबल हटाने गई ऊर्जा निगम की टीम को चप्पलों से पीटने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर

दबंगई: अवैध केबल हटाने गई ऊर्जा निगम की टीम को चप्पलों से पीटने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
Spread the love

रुड़की(आरएनएस)। बिना बिजली कनेक्शन के चल रहे वाटर कूलरों के केबल हटाने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम के साथ सभासद पति पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि सभासद पति ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और चप्पलों से मारपीट की। साथ ही ट्रांसफार्मर में आग लगाने की धमकी भी दी। मामले में ऊर्जा निगम की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। लंढौरा बिजलीघर के एसडीओ गुलशन बलोनी ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से लगाए गए कुछ वाटर कूलर बिना बिजली कनेक्शन के संचालित किए जा रहे हैं। रविवार को ऊर्जा निगम की टीम इन वाटर कूलरों को विद्युत पोलों से जोड़ने वाले केबल हटाने पहुंची थी। आरोप है कि केबल हटाने का विरोध करते हुए सभासद पति ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। एसडीओ के अनुसार, सभासद पति ने कुछ दिन पहले भी बिजलीघर पर दो कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब दोबारा टीम के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप में पुलिस को तहरीर दी गई है। इस दौरान जेई विनोद कुमार, जेई संजना सिंह, जेई नसीम अहमद, गौरव पुंडीर आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पंचायत को भेजा पत्र
एसडीओ गुलशन बलोनी ने बताया कि नगर पंचायत को बिना अनुमति चल रहे वाटर कूलरों और अन्य विद्युत कनेक्शनों के संबंध में पत्र भेजा गया है। इसके बाद विद्युत पोलों पर बिना अनुमति डाले गए केबल हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।

Parvatanchal