एक्शन: महंगा पड़ गया कमाई का लालच,50 सीटर बस में 110 यात्री ठूंसने पर भुगता 1.07 लाख का चालान

एक्शन: महंगा पड़ गया कमाई का लालच,50 सीटर बस में 110 यात्री ठूंसने पर भुगता 1.07 लाख का चालान
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।  टनकपुर से लुधियाना जा रही जगदंबा ट्रैवल्स की निजी बस में क्षमता से दोगुने से अधिक यात्री बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। शनिवार रात किच्छा में सूरजमल कॉलेज के पास परिवहन विभाग की टीम ने बस को चेकिंग के लिए रोका। जांच में करीब 110 यात्री सवार मिले, जबकि बस की निर्धारित क्षमता 50 यात्रियों की थी। एआरटीओ हल्द्वानी जितेंद्र कुमार ने बस का 1,07,500 रुपये का चालान किया। साथ ही बस का परमिट निरस्त करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की। वहीं यात्रियों को रात में रुद्रपुर बस स्टेशन लाया गया।
रविवार सुबह सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन मिश्रा के सहयोग से रोडवेज बसों के माध्यम से सभी यात्रियों को लुधियाना रवाना किया गया। यात्रियों ने बताया कि शुरुआत में एक सीट पर चार-पांच लोग बैठे थे, लेकिन रास्ते में लगातार सवारियां चढ़ाई जाती रहीं। बाद में एक सीट पर सात-आठ लोगों को बैठाकर यात्रा कराई गई। विरोध करने पर कथित तौर पर संचालकों ने कहा कि इसी तरह यात्रा करनी है तो करें, अन्यथा रास्ते में उतार दिया जाएगा। महिलाओं और बच्चों को भी भीड़ में काफी परेशानी हुई। यात्रियों ने मनमाना किराया वसूलने का भी आरोप लगाया।
रोडवेज बसों से लुधियाना भेजे गए यात्री यात्रियों को और परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें रुद्रपुर बस स्टेशन लाया गया। यहां से रोडवेज बसों की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को लुधियाना रवाना किया गया। रोडवेज कर्मचारियों ने निजी बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ले जाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए। परिवहन विभाग की कार्रवाई को इसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। (प्रतीकात्मक फोटो)

Parvatanchal