सनसनी: कुमाऊं में कंटेनर के अंदर चालक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच शुरू
रुद्रपुर(आरएनएस)। मंगलवार सुबह दिनेशपुर के जाफरपुर स्थित न्यू डंडिया ट्रांसपोर्ट कंपनी के यार्ड में खड़े एक कंटेनर के अंदर चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह यार्ड के कर्मचारियों ने कंटेनर के भीतर चाक को अचेत अवस्था में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो चालक की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान 53 वर्षीय अजय पाल निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। दिनेशपुर थाना प्रभारी रवींद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काम पर गया युवक लापता, पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
दूसरी ओर,काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पत्नी की तहरीर पर कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। प्रीति देवी निवासी शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैम्प ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जून की रात 8 बजे वह कंपनी में काम पर गई थी। इसी दौरान उनके पति 30 वर्षीय सौरभ शर्मा ने फोन कर बताया कि वह कंपनी में काम करने के लिए जा रहे हैं। वह बाइक से कंपनी निकले थे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी संपर्क से बाहर हो गया है।सभी संभावित स्थानों पर तलाश के बावजूद उनका कुछ पता नहीं चल सका। ट्रांजिट कैम्प कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।

