चीटिंग: परिवहन विभाग की नीलाम गाड़ी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज़
देहरादून(आरएनएस)। उत्तराखंड परिवहन विभाग की नीलामी वाली गाड़ी सस्ते में दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। रायपुर थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तपोवन एन्क्लेव, रायपुर निवासी अनुराग राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फरवरी 2026 में उनकी जान-पहचान आशीष शर्मा नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। कुछ समय बाद आशीष ने उन्हें बताया कि वह परिवहन विभाग देहरादून से नीलामी की गाड़ियां बिकवाता है। अनुराग को भी एक वाहन की आवश्यकता थी, इसलिए वह उसकी बातों में आ गए। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने व्हाट्सएप पर वाहन नीलामी से जुड़े कुछ कागजात भी भेजे। कागजात देखकर अनुराग ने रायपुर रोड पर आरोपी को 2.03 लाख रुपये नकद दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने उन्हें दस हजार रुपये नकद थमा दिए, बाकी रकम बाद में देने की बात कही। जब पीड़ित ने दोबारा अपने बचे हुए पैसों का तकाजा किया तो आशीष शर्मा उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगा। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

