शिकंजा: वाहन चोरी का खुलासा, चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर(आरएनएस)। सहसपुर पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई दो बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लालच में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।कोतवाल सहसपुर प्रदीप रावत ने बताया कि 21 जून 2026 को सुनील कुमार सिंह निवासी रामपुर कलां चोई बस्ती ने कोतवाली सहसपुर में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके संदिग्धों की निगरानी शुरू की। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी समीर पुत्र असलम निवासी ग्राम ईशुपुर खुरकान थाना कैराना जिला शामली उप्र हाल पता चोई बस्ती रामपुर कोतवाली सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी हुई बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने 23 मई 2026 को चोरी हुई एक अन्य बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की, जिसे लांघा तिराहा रोड से बरामद कर लिया गया। आरोपी वेल्डिंग और मजदूरी का काम करता है। आर्थिक जरूरतों और जल्दी पैसा कमाने की चाह में उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी चोरी की गई बाइकों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

