सनसनी: संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला सिडकुल कर्मी का शव, जांच शुरू

सनसनी: संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला सिडकुल कर्मी का शव, जांच शुरू
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।  कोतवाली क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक सिडकुल कर्मी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पत्नी बच्ची के साथ मायके लखनऊ गई हुई थी। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब पास में रहने वाले रिश्तेदार उसे चाय-नाश्ता देने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय सतनाम सिंह किराए के कमरे में पत्नी निशा और तीन वर्षीय पुत्री मनप्रीत कौर के साथ रहते थे। वह सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थे। गर्मी की छुट्टियों के चलते 11 जून को उनकी पत्नी बच्ची के साथ लखनऊ मायके चली गई थी। बताया गया कि सतनाम के कमरे के पास ही उनके रिश्तेदार रहते हैं, जो उन्हें नियमित रूप से भोजन और चाय-नाश्ता पहुंचाते थे। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर लौटे और खाना खाने के बाद कमरे में चले गए। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रिश्तेदार नाश्ता देने पहुंचे तो दरवाजा खोलने पर वह फंदे से लटके मिले। सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सतनाम सिंह की पत्नी शनिवार रात से लगातार फोन कर रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

Parvatanchal