दबंगई: फोन कर के युवक को बुलाया मिलने, अधमरा कर के फेंक दिया जंगल में फरार
रुड़की (RNS)। अकौढ़ा खुर्द गांव के एक युवक को पड़ोसी गांव के युवक ने साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से पीटा और अधमरा कर जंगल में फेंक दिया। बाद में रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने घायल को उसके घर पहुंचाया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अकौढ़ा खुर्द गांव निवासी अर्जुन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुवार रात पड़ोसी गांव मुंडाखेड़ा कलां के एक युवक ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। बताया कि वह मिलने के लिए चला गया। आरोप है कि वहां पहले से सरिया, लाठी-डंडे और अन्य हथियारों के साथ मौजूद कई युवकों ने घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।
फांसी लगाकर की आत्महत्या
दूसरी ओर, कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव में युवक ने अपने घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी 22 वर्षीय शुभम पुत्र महावीर ने शनिवार सुबह अपने कमरे में छत के पंखे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसका शव फंदे से लटकता देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।

