सबक: युवक को भारी पड़ गया पिस्टल दिखाकर रौब झाड़ना, अचानक गोली चलने से साथी घायल
देहरादून(आरएनएस)। पटेलनगर क्षेत्र में फ्लैट के अंदर पिस्टल दिखाकर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। इस दौरान अचानक चली गोली से उसका साथी प्रॉपर्टी डीलर घायल हो गया। गोली युवक के नाक के पास लगी है। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात की है।
घटना का विवरण: हंसराज सैनी निवासी भोगपुर, हरिद्वार ओम सिटी स्थित अपने किराये के फ्लैट में अपने दो साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ मौजूद था। इस दौरान हंसराज ने अपनी पिस्टल दिखाई, जिसे वह हाल ही में 65 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोप है कि गोपाल शर्मा पिस्टल को देखने और चेक करने लगा। इस दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जो हंसराज की नाक के पास लगी। हंसराज को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हंसराज की तहरीर पर आरोपी गोपाल शर्मा निवासी पटेलनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को उसे ओम सिटी के बाहर सड़क से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 32 बोर की पिस्टल झाड़ियों से बरामद की है। आरोपी पर पूर्व में भी बलवे व मारपीट के मुकदमे दर्ज हैं। वह खुद भी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। एसएसपी ने बताया कि पिस्टल अवैध थी, उसका कोई लाइसेंस नहीं मिला।
प्रॉपर्टी डीलर हंसराज ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घटना के बाद उसे डराने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। उसे डराया गया कि पिस्टल का लाइसेंस न होने पर पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है। दबाव बनाया गया कि वह पुलिस को बताए कि वह अज्ञात व्यक्ति की गोली से घायल हुआ। आरोपी ने हंसराज के चेहरे से निकल रहे खून की कुछ बूंदें छत पर गिराकर नीचे कमरे में फैले खून को साफ किया। इसके बाद आरोपी शुभम अग्रवाल के साथ स्कूटी पर घायल हंसराज को अस्पताल ले गया। इस बीच उसने पिस्टल झाड़ियों में फेंक दी।

