दुष्प्रभाव: नशे की हालत में युवक ने कर लिया जहरीले पदार्थ का सेवन, अस्पताल ले जाने से पहले हो गई मौत
रुड़की। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां गांव में जहरीले पदार्थ के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार दाबकी कलां निवासी 46 वर्षीय प्रवीण लंबे समय से नशे का आदी था। बताया गया है कि रविवार को उसने नशे की हालत में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
दूसरी ओर, पुहाना-इकबालपुर मार्ग पर बीती देररात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, पुहाना-इकबालपुर मार्ग स्थित सीमेंट फैक्ट्री के समीप 36 वर्षीय इंद्रजीत निवासी इकबालपुर अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

