दहशत: घटना के बाद से नजर नहीं आया बालिका को मार डालने वाला गुलदार
कोटद्वार। पोखड़ा के भतकोट में बालिका को मार डालने के की घटना के बाद गुलदार कहीं भी नजर नहीं आया है। गुलदार पर पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं, स्कूली बच्चे अब भी वनकर्मियों और राजस्व कर्मचारियों के संरक्षण में ही स्कूल जा रहे हैं। दो अप्रैल को गांव भतकोट में गुलदार ने चार वर्षीय दृष्टि को मार डाला था। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए घटनास्थल और उसके आस-पास कैमरा ट्रैप, सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाए लेकिन इनमें गुलदार दिखाई नहीं दिया। गुलदार पिंजरों के आसपास भी नहीं फटक रहा है व गश्त कर रहे वनकर्मियों को भी कहीं नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को भी 16 वनकर्मियों की टीमें अलग-अलग समूह बनाकर गश्त करती रहीं लेकिन कहीं भी गुलदार नजर नहीं आया। वहीं, गुलदार प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों में बच्चे घटना के बाद से वन विभाग के वाहन से भी छात्रों को जनता इंटर कालेज कुणजखाल लाया जा रहा है। रेंजर पोखड़ा नक्षत्र शाह के अनुसार गुलदार की टोह लेने के लिए कैमरा ट्रैप एवं सीसीटीवी के स्थान लगातार बदले जा रहे हैं लेकिन गुलदार कहीं नजर नहीं आ रहा है। वहीं गुलदार को मारने के लिए तैनात विभागीय शूटर पंकज नेगी और नवीन रावत को गुलदार नहीं दिखा है। गुलदार को मारने के आदेश की समय सीमा दो मई को समाप्त हो जाएगी।

