दबंगई: बीईओ और शिक्षकों को जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस में दर्ज कराई गई प्राथमिकी
पौड़ी। खंड शिक्षा अधिकारी व शिक्षकों के साथ गाली गलौच व जान से मारने की धमकी देने के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विवेक पंवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बीईओ पंवार ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को ब्लॉक के पीठसैंण में बहुद्देशीय शिविर आयोजित हुआ था जिसमें विभाग की ओर से शिक्षकों ने स्टॉल लगाए थे। स्टॉल पर प्रावि टेवलियाखाल के शिक्षक गिरीश चंद्र, प्रावि ग्वाल्थी के गुलाब सिंह व प्रावि पापतोली के धनीराम को विभागीय जानकारियां देने के लिए नामित किया गया था। आराेप लगाया कि ग्राम मनसारी निवासी नवीन जोशी ने स्टॉल पर आकर बीईओ विवेक पंवार व शिक्षकों के साथ गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने आरोपी को समझाने का प्रयास किया तो उसने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए नौकरी करना सिखाने की धमकी देने लगा। उन्होंने मामले में थाना थलीसैंण में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। साथ ही विभागीय उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया है।

