हमला: ईरान की आईआरजीसी ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मालवाहक जहाज पर गोलीबारी की
तेहरान। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान में युद्धविराम की घोषणा के बाद भी तनाव जारी है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक जहाज पर गोलीबारी की, जिससे जहाज क्षतिग्रस्त हो गया। ब्रिटिश सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (यूकेएमटीओ) ने बताया कि यह हमला सुबह करीब 7:55 बजे जलडमरूमध्य में हुआ है। उसके मुताबिक, गार्ड गनबोट ने गोलीबारी करने से पहले जहाज को कोई संकेत नहीं दिया था।
यूकेएमटीओ ने बताया कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ है और इसका कोई पर्यावरण असर नहीं दिखा है। अभी ईरान ने हमले की पुष्टि नहीं की है। यह घटना अमेरिका द्वारा पिछले सप्ताहांत में एक ईरानी कंटेनर जहाज पर गोलीबारी करने के बाद उसे जब्त करने और हिंद महासागर में ईरान के तेल व्यापार से जुड़े एक तेल टैंकर पर चढ़ाई के बाद घटी है। आईआरजीसी ने बुधवार को घोषणा की है कि वह होर्मुज को नहीं खोलेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि उन्होंने पाकिस्तान के अनुरोध पर युद्धविराम को बढ़ा दिया है, जिसकी समयसीमा 22 अप्रैल को समाप्त हो रही थी। हालांकि, नया युद्धविराम कितने दिन के लिए है, यह जानकारी नहीं दी। उन्होंने होर्मुज में अपनी सेना को नाकाबंदी जारी रखने का निर्देश दिया है और सख्ती बढ़ाने को कहा है। बता दें कि होर्मुज में नाकाबंदी को लेकर ईरान काफी नाराज है और इसे खोलने की मांग कर रहा है।
००

