धोखाधड़ी: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग लिए 5.75 लाख रुपए, मुकदमा दर्ज़ 

धोखाधड़ी: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग लिए 5.75 लाख रुपए, मुकदमा दर्ज़ 
Spread the love

 

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में युवक से 5.75 लाख रुपये उधार लेने के बाद रकम लौटाने के बजाय सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर ली गई। पुलिस ने अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अदालत में दायर प्रार्थना पत्र में रानीपुर क्षेत्र के गांव गढ़मीरपुर निवासी योगेश ने बताया कि उसकी पहचान श्याम कुमार निवासी पूरणपुर, रानीपुर से थी। घनिष्ठता का लाभ उठाते हुए श्याम ने पारिवारिक परेशानी बताकर उससे आर्थिक मदद मांगी। इस पर योगेश ने 11 फरवरी 2025 को 4.50 लाख रुपये, 17 फरवरी को 75 हजार रुपये और 18 फरवरी को 50 हजार रुपये कुल 5.75 लाख आरटीजीएस के माध्यम से उसके खाते में ट्रांसफर किए। आरोप लगाया कि तय समय बीतने के बाद जब योगेश ने अपनी रकम वापस मांगी तो श्याम बहाने बनाता रहा। बाद में उसने खुद को बीएचईएल में कार्यरत बताते हुए रकम लौटाने के बजाय उसे नौकरी दिलाने की बात कही। इसके लिए उसने कुल 10 लाख रुपये में नौकरी लगवाने का लालच दिया और शेष 4.25 लाख रुपये की मांग करने लगा। आरोप है कि लगातार तारीखें बदलकर वह उसे गुमराह करता रहा और दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal