दायित्व : मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना व डीईओ बेसिक अंशुल बिष्ट ने संभाला पदभार

दायित्व : मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना व डीईओ बेसिक अंशुल बिष्ट ने संभाला पदभार
Spread the love

पौड़ी। जनपद में करीब डेढ़ साल बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी की तैनाती हुई है। नवनियुक्त सीईओ अत्रेय सयाना ने शिक्षा परिसर पौड़ी पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। सीईओ सयाना ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग स्थानीय प्रशासन, पुलिस व वन विभाग के साथ समन्वय कर कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तिथियां तय हो चुकी हैं और 31 जनवरी को उत्तराखंड शिक्षा परिषद की ओर से तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। गौरतलब है कि जिले के तत्कालीन सीईओ दिनेश चंद्र का जून 2024 में निदेशालय स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद डीईओ बेसिक नागेंद्र सिंह बर्त्वाल प्रभारी सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नवंबर 2025 में उन्हें संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति मिली थी लेकिन नई तैनाती तक सीईओ का अतिरिक्त प्रभार उनके पास ही रहा। सीईओ अत्रेय सयाना ने कहा कि जनपद की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर शिक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बोर्ड परीक्षा के दौरान वन्यजीवों से छात्रों की सुरक्षा को लेकर जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इसके अलावा जनपद के नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक (डीईओ) अंशुल सिंह बिष्ट ने भी पदभार संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय छात्र संख्या की कमी से जूझ रहे हैं। इन विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाए जाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की पहली बैठक लेकर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। बिष्ट इससे पहले नैनीताल जिले में खंड शिक्षा अधिकारी धारी व कोटाबाग के पद पर कार्यरत थे। बिष्ट जिला मुख्यालय अल्मोड़ा के निवासी हैं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या को बढ़ाए जाने के लिए विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावकों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ समन्वय से नए शिक्षा सत्र में छात्र संख्या बढ़ाए जाने पर फोकस किया जाएगा।

Parvatanchal