शिकंजा: वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार से 129 ग्राम हेरोइन बरामद, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 129 ग्राम हेरोइन के साथ एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी बरेली से स्मैक खरीदकर कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। गुरुवार को एएनटीएफ यूनिट और पुलभट्टा पुलिस ग्राम बरा क्षेत्र में गश्त के दौरान गुरुनानक फार्म तिराहे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी गुरुनानक फार्म की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर वापस मुड़ने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 129 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेश मौर्य पुत्र रोशन लाल निवासी ग्राम चौंडेरा, बहेड़ी बरेली बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली के कुछ लोगों के संपर्क में था और कम दाम में हेरोइन खरीदकर कुमाऊं क्षेत्र में सप्लाई करता था। एसटीएफ अब आरोपी के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी महेश मौर्य के खिलाफ बहेड़ी और बरेली के किला थाने में पहले से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में एसटीएफ निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान, इसरार अहमद तथा पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
अधेड़ का शव मिला, शिनाख्त नहीं
शहर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अजीतपुर के निकट नहर में एक व्यक्ति का शव मिला। व्यक्ति के शरीर पर आसमानी शर्ट व गहरे नीले रंग की पैंट मिली है। जिसके कारण उसके कपड़े किसी कंपनी की वर्दी होने का अनुमान है। पुलिस शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार दोपहर बरा पुलिस चौकी की सूचना मिली कि ग्राम अजीतपुर के निकट देवरनियां नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बरा पुलिस चौकी इंजार्ज दिनेश चंद्र भट्ट ने बताया कि शव लगभग दस दिन पुराना प्रतीत होता है। व्यक्ति की उम्र 45 वर्ष के करीब है। उसने आसमानी शर्ट, गहरे नीले रंग की पैंट व दाहिने हाथ की कलाई में कलावा बांध रखा है। पानी में पड़ा होने के कारण शव फूल गया है। शव की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे है। एसआई भट्ट ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

