दुखद: कोसी के पास गहरी खाई में गिर गई कार, एक की मौत; दो घायल

दुखद: कोसी के पास गहरी खाई में गिर गई कार, एक की मौत; दो घायल
Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)। कोसी के पास सोमवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा हवालबाग विकासखंड के भांकड़ गांव में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौटते समय करीब रात दो बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 80 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कुज्याड़ी गांव निवासी आनंद सिंह रावत गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक दिनेश सिंह रावत ने फोन कर स्थानीय ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों और घायलों की मदद से आनंद सिंह रावत को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में आनंद सिंह रावत के पुत्र देवेंद्र सिंह रावत और कार चालक दिनेश सिंह रावत भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Parvatanchal