हादसा: पानी में डूबने से युवक की मौत, नहाने के लिए उतरा था नदी में
रामनगर। देर शाम ग्राम पाटकोट के समीप भंडारपानी के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
रामनगर में देर शाम ग्राम पाठकोट के भंडारपानी के पास कोसी नदी में नहाने के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि काजीबाग काशीपुर निवासी सद्दाम (उम्र 21 वर्ष) अपने तीन दोस्तों के साथ रामनगर आया था। यहां वह अपने दोस्तों के साथ भंडारपानी के समीप कोसी नदी में नहा रहा था। इसी बीच अचानक वह पानी में डूब गया। वहीं, सद्दाम को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नदी से सद्दाम को बाहर निकाला और इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी रामनगर पहुंच गए। कोतवाल ने बताया कि मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

