हादसा: तेज़ रफ़्तार मिनी ट्रक की टक्कर से हो गई युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

हादसा: तेज़ रफ़्तार मिनी ट्रक की टक्कर से हो गई युवक की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
Spread the love

 

रुड़की। दिल्ली-देहरादून मार्ग पर ईदगाह चौक के समीप शनिवार तड़के तेज रफ्तार मिनी ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मिनी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के एक युवक ईदगाह चौक के पास सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए मिनी ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने के साथ मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से भी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे के बाद चालक मिनी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसके आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी घटना और फरार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Parvatanchal