संदेहास्पद: जन्मदिन पार्टी के बाद चलती कार से गिरकर हो गई युवक की मौत, दोस्तों पर उठे सवाल

संदेहास्पद: जन्मदिन पार्टी के बाद चलती कार से गिरकर हो गई युवक की मौत, दोस्तों पर उठे सवाल
Spread the love

 

हल्द्वानी(RNS)।काठगोदाम क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बाद 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक चलती कार से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ, लेकिन आरोप है कि कार सवार उसके दोस्त उसे अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

काठगोदाम के तुलसी नगर निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली पुत्र ललित कोहली चार दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त कार से घूमने निकले। पुलिस के अनुसार, देर रात तक उनके कार में घूमने और वीडियो बनाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जमरानी कॉलोनी के पास पनचक्की क्षेत्र में काठगोदाम की ओर जाते समय पुष्कर अचानक चलती कार के दरवाजे से नीचे गिर गया। सिर और गर्दन में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि हादसे के बाद दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से चले गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कार में शराब की बोतलें मिलने से बढ़ा संदेह

घटना से जुड़े कुछ वीडियो पुलिस के हाथ लगे हैं। इनमें पुष्कर अपने दोस्तों के साथ कार के भीतर दिखाई दे रहा है। वीडियो में कार के अंदर शराब की बोतलें भी नजर आ रही हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और पार्टी से लेकर हादसे तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

पुलिस कार में मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क पर क्यों छोड़ा गया, यह जांच का अहम बिंदु बना हुआ है।

दो भाइयों में सबसे बड़ा था पुष्कर

पुष्कर परिवार में दो भाइयों में सबसे बड़ा था और निजी स्कूल बस में परिचालक के रूप में काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन घटना को संदिग्ध मान रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

काठगोदाम के कोतवाल जसवीर सिंह चौहान के अनुसार, घटना से जुड़े कुछ वीडियो पुलिस को मिले हैं, जिनमें युवक के चलती कार से गिरने की बात सामने आ रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Parvatanchal