हादसा: कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में एक कांवड़िये की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

हादसा: कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में एक कांवड़िये की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।  श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और कांवड़ियों की बाइक की टक्कर में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर जांच शुरू कर दी है। श्यामपुर पुलिस के अनुसार शुक्रवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज हरिद्वार डिपो की बस और मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल और निजी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार तीन कांवड़िये घायल मिले। घायलों की पहचान कमल पुत्र कमरुद्दीन निवासी मकान नंबर-740, गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा), मयंक पुत्र नरेश निवासी मकान नंबर-740, गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) तथा मनीष पुत्र नामालूम निवासी मकान नंबर-740, गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा), उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई।तीनों को निजी एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। कमल और मयंक का उपचार जारी है। श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।

Parvatanchal