सुविधा: प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के लिए हेली एंबुलेंस बनी जीवनदायिनी

सुविधा: प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के लिए हेली एंबुलेंस बनी जीवनदायिनी
Spread the love

 

 

 

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हेली एंबुलेंस सेवा जीवनदायिनी साबित हो रही है। सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या गंभीर स्वास्थ्य समस्या के दौरान मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने में यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में सोमवार को उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय में भर्ती प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बधाण गांव, तहसील चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी निवासी 35 वर्षीय रुचि रमोला पत्नी नवीन चंद रमोला प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती थीं। प्रसव के दौरान जटिलताएं सामने आने पर चिकित्सकों ने महिला को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। चिकित्सकों ने परिजनों को हेली एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के विकल्प से अवगत कराया। इसके बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) से आवश्यक समन्वय स्थापित किया और महिला के लिए हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। प्रशासनिक समन्वय के बाद सोमवार अपराह्न करीब एक बजे महिला को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया, जहां उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में भौगोलिक विषमताओं और लंबी सड़क दूरी के कारण गंभीर मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में हेली एंबुलेंस सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में समय की बचत करने और मरीजों को शीघ्र उच्च चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

Parvatanchal