समर्थन: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने में पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत
देहरादून(आरएनएस)। मानदेय की मांग पूरी नहीं होने से गुस्साईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना दिया। पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर चल रहा इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। शनिवार को भी पंडित दीनदयाल पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से उन्होंने गांधी पार्क तक पैदल मार्च किया और वह गांधी पार्क में ही धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में देरशाम को पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार पहुंचे। हरीश रावत ने आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार से उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कहा। कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आंगनबाड़ी वर्करों की मांगों को पूरा किया जाएगा। आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की जिलाध्यक्ष तनु बंबा, सचिव उषा थापा, उपाध्यक्ष मंजू मौर्य ने बताया कि सरकार ने नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय एक दिसंबर से बढ़ाने की घोषणा की थी। हालांकि, अभी तक बढ़ी हुई राशि को लेकर आधिकारिक शासनादेश जारी नहीं हुआ है। आंगनबाड़ी सेविका मिनी. की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही है जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में रोष है।

