सफलता: नशा तस्करों के खिलाफ दून पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक जारी, 10.28 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। विकासनगर पुलिस ने झूलापुल डाकपत्थर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 21 वर्षीय युवक आसिफ पुत्र इकबाल, निवासी सहसपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक की खेप को एक स्थानीय नशा तस्कर से सस्ते दामों में खरीदकर लाया था। वह इसे क्षेत्र में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। इससे पहले कि वह स्मैक को खपाता, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद भी नशे का आदी होने की बात स्वीकार की है।
इस मामले में कोतवाली विकासनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 267/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से स्मैक उपलब्ध कराने वाले स्थानीय तस्कर के संबंध में जानकारी जुटा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आसिफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह इससे पहले चोरी, जुआ और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सेलाकुई में वर्ष 2025 तथा कोतवाली सहसपुर में वर्ष 2022 में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत विकासनगर पुलिस की कार्रवाई को नशे के खिलाफ पुलिस की एक और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह और कांस्टेबल रविंद्र चौहान शामिल रहे।

