शिकंजा: सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई स्कूटी चोरी की वारदात, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा
हरिद्वार। कनखल के पहाड़ी बाजार में एक दुकानदार की स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। खास बात यह रही कि दुकानदार को काफी देर तक स्कूटी चोरी होने की जानकारी ही नहीं हो सकी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक चोरी की गई स्कूटी बरामद नहीं हो सकी है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पुलिस स्कूटी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार आरोपी की भूमिका और उसके ठिकानों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही स्कूटी बरामद कर ली जाएगी और मामले में शामिल दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा

