सनसनी: जूना अखाड़े के दो साधुओं की पथरी शिवगढ़ के जंगल में हत्या, गड्ढे से बरामद हुए शव
हरिद्वार(आरएनएस)। पथरी शिवगढ़ के जंगल स्थित पथरेश्वर महादेव शिव मंदिर में जूना अखाड़े के दो साधुओं की हत्या कर उनके शव गड्ढा खोदकर दबा दिए। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मंदिर के पुजारी समेत अन्य साधुओं की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। सोमवार देर रात मंदिर परिसर में खुदाई कर निकाले गए शवों की पहचान सेवा गिरी (35) और पारस गिरी (40) निवासी पंचदशनाम जूना अखाड़ा मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।पुलिस जांच में सामने आया है कि एक साधु की गला दबाकर जबकि दूसरे की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मामले की शिकायत ऐथल निवासी पंकज ने दर्ज कराई है। उसने बताया कि ऐथल में रहने वाले उत्तम झा ने उसे बताया था कि 18 जुलाई की रात पथरेश्वर मंदिर में तीन साधु और एक पंडित ठहरे थे। रात करीब साढ़े दस बजे उत्तमगिरी और सेवा गिरी मंदिर परिसर में शराब पी रहे थे, जिसके बाद विवाद हो गया। अगले दिन सुबह उत्तमगिरी और आशू को मंदिर के पास गड्ढा खोदते देखा गया। बाद में सूचना मिली कि मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर उनके शव वहीं दबा दिए गए हैं। पुलिस जांच में विवाद का कारण इसी घटनाक्रम और रात में हुए झगड़े को माना जा रहा है।

