शिकंजा: 25 लाख की ठगी करने के आरोपी दो साइबर ठग पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

शिकंजा: 25 लाख की ठगी करने के आरोपी दो साइबर ठग पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने पश्चिम बंगाल से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आनंदम स्वीट्स के निदेशक का मोबाइल हैक कर उनकी कंपनी के बैंक खाते से 24.95 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बीते 16 फरवरी को आनंद स्वरूप गुप्ता ने केस दर्ज कराया। बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर उनकी ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए। इसके बाद उनकी कंपनी के चालू खाते से 24.95 लाख रुपये रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। साइबर अपराध थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त बैंक खातों, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों के संबंध में संबंधित बैंकों, दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों और मेटा से पत्राचार कर साक्ष्य जुटाए। निरीक्षक आशीष गुसांई के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को बीते 14 जून को पश्चिम बंगाल रवाना किया गया। वहां सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 18 जून को पश्चिम बंगाल के रानाघाट इलाके से तपन बिस्वास और उत्तम कुमार दास को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक व सिम कार्ड मुख्य साइबर अपराधियों को बेचकर मोटा आर्थिक लाभ कमाते थे। आरोपी उत्तम कुमार दास ने स्वयं के नाम पर भी कई खाते खुलवा रखे थे। जांच में सामने आया कि उत्तम के खातों का उपयोग ठगी की रकम को घुमाने के लिए किया जा रहा था। जबकि, तपन बिस्वास बैंक खातों के संचालन में अहम भूमिका निभा रहा था। आरोपियों ने अलग-अलग बैंकों के 13 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल, कई कंपनियों के सिम कार्ड बैंक पासबुक, चेकबुक और बैंकों के खाता खोलने के फॉर्म व दस्तावेज बरामद हुए। आरोपियों को गिरफ्तार पुलिस टीम वारंट पर दून लेकर पहुंची।

Parvatanchal