शिकंजा: स्नेचिंग करने वाले ‘ऑटो गैंग’ के दो सदस्य गिरफ्तार, दो स्मार्टफोन और खुखरी बरामद
देहरादून(आरएनएस)। एसएसपी दून के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेहरू कॉलोनी पुलिस ने स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित ‘ऑटो गैंग’ के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्टफोन और वारदात में प्रयुक्त अवैध खुखरी बरामद की है। घटना में इस्तेमाल ऑटो को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो युवक रूपनगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान में ऑटो के साथ खड़े हैं और दोबारा किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ऑटो में बैठे दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक धारदार खुखरी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों मोबाइल फोन आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास दो नशेड़ी व्यक्तियों को खुखरी दिखाकर डराने-धमकाने के बाद छीने गए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी स्वयं नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी सुनसान इलाकों से गुजरने वाले नशेड़ी व्यक्तियों को निशाना बनाते थे और खुखरी दिखाकर उनसे मोबाइल फोन व नकदी छीन लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा अपराध संख्या 378/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, अवैध खुखरी बरामदगी के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 381/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (23), निवासी पंचायती शिव मंदिर के पास, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून और सुनील उर्फ चक्की (22), निवासी मंगल बस्ती, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्मार्टफोन, एक खुखरी और घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK-07-TE-4872 बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।

