शिकंजा: वाहन चोरों को दबोचने में कामयाब हुई पुलिस, शौक पूरा करने को चुराई थी बाइक

शिकंजा: वाहन चोरों को दबोचने में कामयाब हुई पुलिस, शौक पूरा करने को चुराई थी बाइक
Spread the love

 

अल्मोड़ा। नगर के लक्ष्मेश्वर बाईपास से मोटरसाईकिल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बाइक चोर दो युवकों को दबोच लिया है और उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाईकिल बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों युवक बागेश्वर जिले के निवासी हैं। मध्यरात्रि में लक्ष्मेश्वर निवासी गोविंद सिंह की बजाज पल्सर मोटरसाईकिल लक्ष्मेश्वर से चोरी हो गई थी। गोविंद सिंह ने थाना कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर दी कि उनकी मोटरसाइकिल बजाज पल्सर संख्या यूके 01 पी 1746 रात में लक्ष्मेश्वर के पास से अज्ञात चोरों ने चुरा ली। तहरीर के आधार पर कोतवाली अल्मोड़ा में मुकदमा धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा भी लिया गया। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए उल्का मंदिर शैल बैंड पर चोरी की बाइक के साथ हर्षित लोहनी (19 वर्ष) पुत्र अनिल लोहनी, निवासी ग्राम दर्शानी, पोस्ट गरुड़, थाना बैजनाथ और रवि थापा (18 वर्ष) पुत्र शंकर थापा, निवासी टीट बाजार, गागरी गोल, थाना बैजनाथ जिला बागेश्वर को पकड़ लिया। पंजीकृत अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर आवश्यक कार्यवाही की गई। पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि अपना शौक पूरा करने के उद्देश्य से उन्होंने बाइक चुराई। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक अवतार सिंह, कांस्टेबल सूरज प्रकाश व हरीश राठौर शामिल रहे।

Parvatanchal