शिकंजा: पुलिस ने नशा तस्कर को 26 लाख रुपए कीमत की स्मैक के साथ किया गिरफ्तार
विकासनगर(आरएनएस)। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 86.31 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात को गैस गोदाम, विकासनगर क्षेत्र से जाकिर पुत्र वकील (24), निवासी बड़ा कुआं, मिर्जापुर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कैराना निवासी एक व्यक्ति से स्मैक खरीदकर विकासनगर और डाकपत्थर क्षेत्र में आने-जाने वाले पहाड़ी युवकों, ड्राइवरों और कॉलेज छात्रों को बेचता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने जिस व्यक्ति से स्मैक खरीदने की बात बताई है, उसके खिलाफ जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

