शिकंजा: नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चुराने का आरोपी गिरफ़्तार, चार दोपहिया बरामद

शिकंजा: नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चुराने का आरोपी गिरफ़्तार, चार दोपहिया बरामद
Spread the love
देहरादून। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर खड़े मोटरसाइकिल और स्कूटी को निशाना बनाता था। चोरी किए गए वाहनों को कबाड़ी पुल के पास पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था और उन्हें बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी थी।
18 सितंबर को आनंद नगर, बालावाला माजरा निवासी उपेंद्र दत्त ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत पटेलनगर कोतवाली में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 657/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। पुराने वाहन चोरों का भी सत्यापन किया गया।
19 सितंबर को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवांश शर्मा (26) निवासी साउथ वनस्थली, बल्लूपुर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विवेक राजपूत के साथ देहरादून के अलग-अलग इलाकों से तीन अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी पुल के पास पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों से तीन अन्य वाहन बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। बरामद वाहनों में एक मोटरसाइकिल महंत इंद्रेश पार्किंग के बाहर और दूसरी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य दो वाहनों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
बरामद वाहनों में UK 07-BS-2118 मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर, काले रंग की एक्टिवा UK 07-AW-1679 और सिल्वर रंग की एक्टिवा UK 07-DJ-2113 शामिल हैं। मामले में वांछित विवेक राजपूत पुत्र हंसराज निवासी कैनाल रोड, बल्लूपुर की तलाश की जा रही है।

Parvatanchal