दुखद: मोहब्बेवाला ढाल पर फिर हुआ हादसा, ट्रक के नीचे दब जाने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत
देहरादून। मोहब्बेवाला में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मुख्य हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार सीमेंट से लदा ट्रक आशारोड़ी से देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला ढाल के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया और उसके नीचे दब गया। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति भी हादसे में घायल हुआ है।
सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली और क्लेमेनटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई। ट्रक हटाने की कार्रवाई के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मोहब्बेवाला ढाल बना हादसों का स्पॉट
मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ढलान वाले इस मार्ग पर भारी वाहनों के अनियंत्रित होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों की जरूरत महसूस की जा रही है।

