शिकंजा: चेन स्नैचिंग का खुलासा; नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात करने के दो आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: चेन स्नैचिंग का खुलासा; नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात करने के दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीनी गई पीली धातु की टूटी चेन, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने चेन झपटने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को सूर्यांश कुकरेती निवासी नारायण विहार, कारगी चौक ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी कि अज्ञात लोगों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 382/2026, धारा 126(2), 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया।
15 सितंबर को दून यूनिवर्सिटी रोड पर चेकिंग के दौरान मोथरोवाला की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की स्कूटी को रोककर दो युवकों से पूछताछ की गई। उनकी पहचान विनीत पाल (26), निवासी ब्राह्मणवाला और मो. आजम (33), निवासी महबूब कॉलोनी, ब्राह्मणवाला के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान विनीत पाल के पास से टूटी हुई पीली धातु की चेन और मो. आजम के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने चेन को एक दिन पहले नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक के गले से झपटकर छीनना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर स्कूटी सीज कर दी गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 14 सितंबर की रात वे स्कूटी से रिस्पना से कारगी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक चेन पहने स्कूटी से जाता दिखाई दिया। दोनों ने उसे बातचीत में उलझाकर रोका और विनीत पाल ने उसके गले से चेन झपट ली। झपटमारी के दौरान चेन टूट गई, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
बरामदगी: छीनी गई चेन, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी और अवैध चाकू।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक डालेंद्र सिंह, कांस्टेबल हितेश, कांस्टेबल ब्रजमोहन कनवासी और कांस्टेबल विक्रम बंगारी शामिल रहे।

Parvatanchal