मनमानी: डग्गामार प्राइवेट वाहन संचालकों ने में बढ़ाया यात्री किराया

मनमानी: डग्गामार प्राइवेट वाहन संचालकों ने में बढ़ाया यात्री किराया
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  नजीबाबाद से कोटद्वार के बीच चलने वाले प्राइवेट सवारी वाहन संचालकों ने किराये में सीधे 10 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है जबकि रोडवेज बस में किराया नहीं बढ़ाया गया है। परिवहन की इस निरंकुश व्यवस्था पर स्थानीय प्रशासन ने अब तक शिकंजा नहीं कसा है। इसका दंश आम जन को झेलना पड़ रहा है।कोटद्वार से नजीबाबाद होकर दिल्ली के लिए औसतन 15 से 20 बसें संचालित होती है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में जाने वाली हर एक बस नजीबाबाद से होकर ही आगे बढ़ती है। इन बसों में नजीबाबाद का किराया 40 रुपये प्रति यात्री है। वहीं, यूपी परिवहन निगम की एनसीआर सर्किल से बाहर की रोडवेज बसों में कोटद्वार से नजीबाबाद का किराया 43 और एनसीआर सर्किल के अंतर्गत यूपी परिवहन निगम की रोडवेज बसों का किराया 46 रुपये प्रति यात्री है।कोटद्वार में बगैर स्टैंड पुलिस के सामने ही हाईवे के किनारे से डग्गामारी करने वाले प्राइवेट सवारी वाहनों का किराया उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश परिवहन की रोडवेज बसों से भी ज्यादा कर दिया गया है। इन वाहनों में कोटद्वार से नजीबाबाद का किराया 50 रुपये प्रति यात्री वसूला जा रहा है। कोटद्वार से नजीबाबाद के बीच हाईवे निर्माणाधीन है। आठ यात्रियों के बदले 14-15 यात्रियों को प्राइवेट वाहनों में लादने वाले इन वाहनों में सवार यात्रियों के जीवन से खिलवाड़ आम हो गया है।
‘परिवहन विभाग के संज्ञान में लाए बिना और तार्किक कारण बताए बिना मनमाना किराया बढ़ाना गलत है। प्राइवेट वाहनों की डग्गामारी और संचालकों की मनमानी पर शिकंजा कसा जाएगा।’
-अभिषेक भटगई, एआरटीओ प्रशासन, कोटद्वार ।

Parvatanchal