ब्रेकिंग न्यूज: आरबीआई ने किया दो हजार के नोट वापस लेने का ऐलान, 30 सितंबर तक बदले जाएंगे बैंकों में
नयी दिल्ली। 8 नवंबर 2016 में हुई नोटबंदी के बाद बिगड़े आर्थिक हालात से उबरने की जद्दोज़हद में उलझे देश एक बार फिर नोटबंदी की मार झेलने जा रहा है। शुक्रवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बाजार में मौजूद 2000 रुपए के सभी नोट वापस लेने का फैसला किया है। यानी 2000 रुपए के नोट अब चलन से वापस हो जाएंगे। हालांकि 2000 रुपए के नोटों की वैधता बरकरार रहेगी, यानी अगर आपको पास 2000 रुपए का नोट है तो घबराने की जरूरत नहीं है, आप उनको 23 मई से 30 सितंबर तक बैंकों में जमा कर बदलवा सकते हैं। गौरतलब है कि 8 नवंबर साल 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संबोधन में 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद करने का ऐलान किया था। इस नोटबंदी का उद्देश्य मनी लॉन्ड्रिंग और ब्लैक मनी को खत्म करना था। इसके बाद सरकार ने 500 के नए नोट जारी करने का ऐलान किया था। तभी 2000 रुपए के नोट भी पेश किए गए थे।

