बेरहम: लाठी-डंडों से पीट-पीटकर वृद्ध की हत्या, गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद

बेरहम: लाठी-डंडों से पीट-पीटकर वृद्ध की हत्या, गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद
Spread the love

काशीपुर।  महुआखेड़ागंज क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर 68 वर्षीय वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना में मृतक के परिवार के पांच अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका महुआखेड़ागंज के मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी अनीस अहमद के परिवार में आगामी नौ जून को दो भतीजियों का विवाह होना है। शादी की तैयारियों के चलते परिवार शनिवार को विवाह में देने के लिए कुछ सामान लेकर आया था। घर के सामने पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण परिवार के मुखिया अफजल अहमद (68) ने पड़ोसी से दरवाजे के सामने खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को हटाने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गाड़ी स्वामी और उसके परिजनों से कहासुनी हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे आरोपी दोबारा लाठी-डंडों और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे तथा परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में अफजल अहमद के सिर पर लोहे की रॉड लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पुत्र कासम अली, अनीस अहमद, रिजवान, फुरकान तथा पत्नी मसीतन भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पैगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने अफजल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां रविवार को उनकी स्थिति और बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया। परिजन उन्हें ऋषिकेश एम्स ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी मौत हो गई।
‘मारपीट में वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हुई है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।’
-स्वप्न किशोर, एएसपी काशीपुर

Parvatanchal