बेईमानी: सिलिंडर से गैस चोरी करते रंगे हाथों पकड़े गए एजेंसी के कर्मचारी, लोगों ने की कार्रवाई की मांग
चमोली। क्षेत्र में सिलिंडरों से गैस चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। सिलिंडर वितरण के दौरान स्थानीय लोगों ने डिलीवरी वाहन के पास चुपके से घरेलू सिलिंडरों से गैस निकालते हुए कर्मियों को मौके पर रंगे हाथों पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने एजेंसी प्रबंधक को मौके पर बुलाया और वीडियो दिखाया। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडरों में दो से तीन किलो गैस कम होने की कई बार उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने गैस वितरण करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एजेंसी प्रबंधन में मामले में कार्रवाई की बात कही। मंगलवार को इंडेन गैस एजेंसी का वाहन घरेलू सिलिंडर लेकर देवाल पहुंचा। टैक्सी पार्किंग में उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर दिया गया। इसके बाद एक ओर सिलिंडर बांटे जा रहे थे तो दूसरी ओर सिलिंडर वितरण कर्मचारी विशेष नोजल (रिफिलिंग टूल) की मदद से भरे हुए सिलिंडरों की सील से छेड़छाड़ कर अन्य खाली सिलिंडरों में गैस भर रहे थे। इस दौरान दुर्गा प्रसाद, हरीश चंद्र आदि लोगों को कुछ आवाज आई और उनकी नजर इन कर्मियों पर पड़ी। उन्होंने वाहन के करीब जाकर देखा तो गैस चोरी की जा रही थी। लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया और मामले की सूचना इंडेन गैस सर्विस के प्रबंधक को दी। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस कर्मी सिलिंडरों से गैस निकालकर कालाबाजारी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने गैस कर्मियों पर बिना तोले गैस सिलिंडर देने का भी आरोप लगाया। वहीं इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक सुरेंद्र पुरोहित ने बताया कि गैस चोरी करने की शिकायत मिली है। गैस सिलिंडरों की सप्लाई का ठेका किसी एजेंसी के पास है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

