सख्त़ी: सीएम धामी का ऐलान, चारधाम यात्रा के दौरान कराया जाएगा लोगों का पुलिस सत्यापन
शरारती तत्वों पर लगाम कसने को सख्त हुए मुख्यमंत्री के तेवर
देहरादून। हाल के दिनों में शोभायात्राओं पर हुए पथराव और उसके बाद मुझे बवाल की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त़ तेवर इख्तियाऱ कर लिए हैं। उत्तराखंड में ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के मकसद से धामु सरकार अब चार धाम यात्रा के दौरान सत्यापन अभियान शुरू करेगी। गौरतलब है कि गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से साधु संतों ने प्रदेश में स्थित चार धामों में गैर हिन्दुओं के प्रवेश को वर्जित करने की मांग की थी। इस संदर्भ में पूछे गये एक सवाल के जवाब में सीएम धामी ने सत्यापन कराने की बात कहीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार चाहती है कि उत्तराखंड में ऐसे व्यक्ति ना आने पाएं जो प्रदेश की सामाजिक स्थिति को खराब कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक शांत प्रदेश है। इस प्रदेश की धर्म- संस्कृति बची रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि जिन लोगों के ठीक से वेरिफिकेशन नहीं हुए हैं, उनका वेरिफिकेशन करेंगे। इस प्रकार के व्यक्ति उत्तराखंड ना आएं जिनकी वजह से यहां की स्थिति खराब हो सकती हो। सीएम धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। सीएम ने साफ किया है कि यह प्रदेश शांत और धर्म तथा संस्कृति का केंद्र है। यहां पर किसी को भी अतिक्रमण की छूट नहीं दी जा सकती है। सीएम के अनुसार, सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के लिए उत्तराखंड में टिकने नहीं दिया जाएगा और ना ही धार्मिक उन्माद फैलाने और दंगा फसाद करने वालों को किसी कीमत पर बर्दाश्त किया जाएगा। सीएम धामी ने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों की सख्ती से जांच कराई जाएगी और दोषी लोगों के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी ।

