फैसला: शराबबंदी मुहिम में गवाणा गांव भी हुआ शामिल, मेंहदी रस्म में नहीं परोसी जाएगी शराब
नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक के पालीगाड, दशज्यूला, छैज्यूला, लालूड़, सिलवाड़ और ईडालस्सू पट्टी के दर्जनों गांव में चल रही शराबबंदी मुहिम में दसज्यूला पट्टी का गवाणा गांव भी शामिल हो गया है। ग्राम प्रधान आरती पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में गांव में 14 जनवरी को प्रस्तावित विवाह समारोह की मेहंदी रस्म में शराबबंदी की मुहीम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि जौनपुर ब्लॉक के पांच-छह पट्टियों के दर्जनों गांव में विवाह समारोह, चूड़क्रम संस्कार और जन्मदिन आदि सार्वजनिक कार्य में कॉकटेल पार्टी पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस मुहिम में गवाणा गांव को भी शामिल करने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गांव में 14 जनवरी को होने वाले विवाह समारोह से ही शराबबंदी मुहिम शुरू की जाएगी। उसके बाद सभी लोगों को इस मुहिम में शामिल होना पड़ेगा। गांव के मुसद्दी सिंह रावत और राजेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि वह अपने घर में आयोजित विवाह समारोह में कतई शराब नहीं परोसेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जौनपुर ब्लॉक के अधिकतर गांवों में शराब बंदी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम सराहनीय है। क्षेत्र के सभी गांव के लोगों को शराब बंदी मुहिम में शामिल होना चाहिए। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष निहाल सिंह रावत, जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणि, महामंत्री खेमराज भट्ट, मनवीर रमोला, प्रेमचंद रमोला और खुशहाल सिंह चौहान आदि मौजूद थे।

