फेरबदल: देहरादून नगर निगम में बदले गए अफसरों के दायित्व , अपर नगर आयुक्त को अहम जिम्मेदारी

फेरबदल: देहरादून नगर निगम में बदले गए अफसरों के दायित्व , अपर नगर आयुक्त को अहम जिम्मेदारी
Spread the love

 

देहरादून। नगर निगम में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किया गया है। नगर आयुक्त के आदेश के तहत जारी कार्य विभाजन में हाल ही में अपर नगर आयुक्त के रूप में निगम में ज्वाइन करने वाले आइएएस प्रवीण कुमार को कई महत्वपूर्ण अनुभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए आदेश के अनुसार अपर नगर आयुक्त प्रवीण कुमार को प्रभारी भूमि अनुभाग, नगर निगम की भूमि एवं संपत्तियों के संरक्षण, अतिक्रमण हटाने और रोकने, नालियों, फुटपाथों एवं पथों पर नियंत्रण जैसे अहम दायित्व सौंपे गए हैं। इसके साथ ही वे स्वास्थ्य अनुभाग के कार्यों के अनुश्रवण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीएमओ पोर्टल, मानवाधिकार आयोग एवं सेवा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत आने वाली शिकायतों के निस्तारण के नोडल अधिकारी भी होंगे।
निगम प्रशासन ने उन्हें नगर निगम से जुड़े संवेदनशील एवं जनहित से जुड़े मामलों की सीधी निगरानी की जिम्मेदारी दी है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह को स्वास्थ्य अनुभाग का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें आपदा प्रबंधन, डेंगू नियंत्रण सेल, समस्त वार्डों में सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, डोर-टू-डोर कलेक्शन, वाहनों एवं रिसोर्स की निगरानी, यूजर चार्ज की वसूली और नगर निगम वर्कशाप एवं स्टोर स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण कार्य सौंपे गए हैं। सहायक नगर आयुक्त रमेश सिंह रावत को पथ प्रकाश व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप सिंह को भूमि अनुभाग में वार्ड संख्या 51 से 100 तक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अंतर्गत नगर निगम भूमि-संपत्ति का संरक्षण, अतिक्रमण नियंत्रण, विज्ञापन टैक्स, शो-टैक्स, पार्किंग एवं वेंडिंग जोन से जुड़े कार्य, न्यायालयीन मामलों व विभिन्न आयोगों से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण शामिल है।

Parvatanchal