धोखाधड़ी: विदेश भेजने के नाम पर युवक से 5.03 लाख रुपए की ठगी, दो के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज़
रुद्रपुर(आरएनएस)। विदेश भेजने का झांसा देकर एक युवक से 5.03 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर सितारगंज कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बिज्टी निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई बलविंदर सिंह को विदेश जाना था। इसी दौरान उनकी मुलाकात विक्रमजीत सिंह निवासी ग्राम भूड़ा, जनपद पीलीभीत और शमशेर सिंह शैरी निवासी ग्राम सिंधी झाला गौठा, सितारगंज से हुई। दोनों ने खुद को साझेदार बताते हुए सितारगंज में ‘डिवाइन ओवरसीज’ नाम से कार्यालय संचालित करने और इटली के कृषि क्षेत्र में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि दोनों ने पासपोर्ट लेने के साथ ही किस्तों में रकम वसूली। पहले 60 हजार रुपये का चेक लिया गया, जबकि अप्रैल से दिसंबर 2024 के बीच गूगल पे और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से कुल 5,03,500 रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसमें हरजिंदर सिंह के खाते से 3,93,500 रुपये और बलविंदर सिंह के खाते से 1,10,000 रुपये लिए गए। पीड़ित का कहना है कि शमशेर सिंह ने 100 रुपये के स्टांप पेपर पर इकरारनामा भी दिया था। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

