धोखाधड़ी: प्लॉट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी में प्रॉपर्टी डीलर और शिक्षक पर मुकदमा

धोखाधड़ी: प्लॉट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी में प्रॉपर्टी डीलर और शिक्षक पर मुकदमा
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  नेहरूग्राम क्षेत्र में एक प्लॉट बेचने के नाम पर बीस लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोपियों ने पीड़ित को जो प्लॉट बेचा वह पहले से ही बैंक में बंधक था। रायपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रॉपर्टी डीलर और एक सरकारी शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि चकतुनवाला, देवपुरम निवासी पंकज सिंह नेगी के अनुसार उन्होंने अगस्त 2023 में प्रॉपर्टी डीलर प्रदीप सकलानी के जरिए लोअर गढ़वाली कॉलोनी, नेहरुग्राम में 112.83 वर्गमीटर का एक प्लॉट 20 लाख रुपये में खरीदा था। यह जमीन टिहरी गढ़वाल निवासी शिक्षक धर्म सिंह के नाम पर दर्ज थी। पंकज ने पूरी रकम चुकाकर रजिस्ट्री करवा ली थी और बाद में दाखिल खारिज भी उनके नाम हो गया था। वर्ष 2025 में जब पंकज को मकान बनाने के लिए लोन की जरूरत पड़ी और उन्होंने धर्म सिंह से पुरानी मूल रजिस्ट्री मांगी। आरोपी आनाकानी करने लगे। लगभग एक माह पूर्व कैनरा बैंक नेहरूग्राम शाखा के कर्मचारी प्लॉट पर आए और बताया कि यह संपत्ति धर्म सिंह ने बैंक में बंधक रखी हुई है, जिस पर करीब 34 लाख रुपये का लोन है। धर्म सिंह ने प्लॉट खरीदने के लिए 28 लाख और मकान बनाने के नाम पर 8 लाख रुपये का लोन लिया था। हैरानी की बात यह है कि मौके पर कोई निर्माण भी नहीं हुआ था। एसओ ने बताया कि मामले में आरोपी प्रॉपर्टी डीलर प्रदीप सकलानी और शिक्षक धर्म के सिंह खिलाफ धोखाधड़ी से बैंक में बंधक जमीन दोबारा बेचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Parvatanchal