धोखाधड़ी: एनआरआई के साथ दून में जमीन बेचने की डील कर ठग लिए 3.51 करोड़ रुपए, जांच शुरू
देहरादून(आरएनएस)। दून के केदारपुर इलाके में जमीन का सौदा कर एक कनाडाई एनआरआई से तीन करोड़ 51 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने जमीन का बैनामा नहीं किया। पैसे वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। मामले में मंगलवार को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि मूल रूप से टावर मोहल्ला, मसूरी रोड, चंबा जिला टिहरी निवासी और वर्तमान में कनाडाई प्रवासी विक्रम सिंह गुसाईं ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार उन्होंने दो दिसंबर 2025 को केदारपुर स्थित 750 वर्ग गज जमीन का सौदा किया था। यह सौदा गजपाल और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ किया गया था। इस जमीन के एवज में विक्रम सिंह गुसाईं ने 3.51 करोड़ रुपये की पूरी रकम का भुगतान रजिस्ट्री से पहले कर दिया। रजिस्ट्री से पहले जब पीड़ित ने अपने सर्वेयर से जमीन की नपाई करवाई तो मौके पर जमीन 750 की जगह केवल 729.67 वर्ग गज ही निकली। जब विक्रम सिंह गुसाईं ने यह बात गजपाल को बताई तो उसने 750 वर्ग गज के हिसाब से ही पैसे लेने की जिद की। बाद में 30 जून 2026 को दोनों पक्षों के बीच 745 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री करने पर सहमति बनी। आरोप है कि समझौते के बाद गजपाल ने बैनामे के दस्तावेज देने में आनाकानी शुरू कर दी। दो जुलाई को गजपाल दिन में 12:30 बजे पीड़ित के बंजारावाला स्थित आवास पर आया और डेढ़ बजे तक सारे कागज देने की बात कही। कागजात देने में देरी की गई। इसके बावजूद पीड़ित के वकील ने शाम 4:25 बजे तक स्टाम्प आदि तैयार कर लिए, लेकिन गजपाल ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय आने में असमर्थता जताते हुए अगले दिन रजिस्ट्री करने की बात कही। तीन जुलाई को पीड़ित विक्रम सिंह गुसाईं सुबह 11 बजे से 12 बजे तक और फिर शाम 4 बजे से 5 बजे तक सब-रजिस्ट्रार (प्रथम) कार्यालय में इंतजार करता रहे। लेकिन गजपाल और जमीन बेचने वाले लोग नहीं पहुंचे। पीड़ित का कहना है कि जब उसने आरोपियों से अपनी दी गई 3.51 करोड़ की रकम वापस मांगी या रजिस्ट्री करने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने 14 जुलाई को पुलिस की शरण ली। पुलिस ने गजपाल , उसकी पत्नी वीरवती देवी, बेटी पूजा चौधरी, बेटे सतवंत और कौशल्या देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

