दुस्साहस: हैड़ाखान मार्ग पर प्रेमिका को बुलेट की टंकी पर बैठाकर किया स्टंट, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग पर एक युवक की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बुलेट की टंकी पर युवती को आगे की ओर मुंह करके बैठाकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है। पहाड़ी मार्ग पर इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।
वायरल वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है। वीडियो में युवती बाइक की टंकी पर बैठी दिखाई दे रही है, जबकि युवक बेहद जोखिम भरे तरीके से बाइक चला रहा है। इसी दौरान एक मोड़ पर सामने से कार आती दिखाई देती है। अचानक कार सामने आने से बाइक अनियंत्रित होती नजर आती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि कार चालक समय रहते सतर्कता नहीं बरतता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हैड़ाखान मार्ग पर आए दिन कुछ युवक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हैं। इससे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ती है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर बाइक सवार की पहचान शुरू कर दी है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के साथ ही मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बाइक को ट्रेस कर युवक की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पहाड़ी सड़कों पर कुछ सेकेंड की स्टंटबाजी भारी पड़ सकती है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

