दुश्वारियां: हरिद्वार रूट के लिए रोडवेज की बसों की पड़ गई कमी, यात्रियों में मची मारामारी
ऋषिकेश। हरिद्वार और मैदानी रूट के लिए ऋषिकेश में अचानक यात्रियों की दबाव बढ़ गया है, जिससे स्थानीय रोडवेज डिपो की बसें भी यात्रियों के लिए कम पड़ रही है। राज्य के अन्य डिपो व यूपी रोडवेज की बसें भी यात्रियों के लिए पर्याप्त नहीं हो पा रही हैं। बसों के टोटे की वजह से यात्रियों को दुश्वारियां पेश आ रही हैं। उन्हें भीषण गर्मी में एक-एक घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। बस अड्डे कई दफा यात्रियों के बीच सीट के लिए मारामारी जैसे हालात दिख रहे हैं। गुरुवार को अचानक रोडवेज बस अड्डे पर हरिद्वार रूट की यात्रियों की संख्या में बढ़ गई। औसतन एक दिन में 500 यात्रियों की जगह दो हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ अड्डे पर पहुंचने की वजह से निगम की बसें कम पड़ गई। अन्य डिपो और यूपी रोडवेज की बस पहुंचने के बाद इनमें भी सवार होने के लिए यात्रियों में मारामारी जैसी स्थिति नजर आई।
बसों की कमी का यह सिलसिला सुबह से लेकर शाम तक जारी रहा। बसों की कमी की वजह से हरिद्वार और विभिन्न मैदानी शहरों में यात्रियों भीषण गर्मी में बसों का इंतजार करते हुए पसीना-पसीना दिखे। बस अड्डे पर यात्रियों के सुकून से बैठने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं होने से उनकी दिक्कतें और बढ़ी। अड्डा परिसर में भीषण गर्मी में सिर छिपाने के लिए एक अदद छांवदार पेड़ भी नहीं होने से यात्रियों को फजीहत झेलनी पड़ी।
ऋषिकेश अड्डे से हरिद्वार होते हुए नीचले इलाकों के लिए स्थानीय डिपो की 57 बस सेवाएं हैं। यूपी रोडवेज की 70, रुड़की की 10 और हरिद्वार की 20 बसों के फेरे भी होते हैं। गुरुवार को बसों की कमी से हरिद्वार, मुजफ्फनगर, बिजनौर, दिल्ली व अन्य इलाकों को जाने के लिए यात्रियों को बसें नहीं मिलने से उनकी दिक्कतें बढ़ रही।
ऋषिकेश डिपो के पास खुद की 59 और अनुबंधित 40 बसें हैं। 99 बसों के बेड़े में से फिलहाल बदरी और केदारनाथ धाम के लिए डिपो की दस बसों को लगाया गया है। यह बसें भी हरिद्वार रूट पर ही दौड़ती हैं, मगर यात्रा रूट पर चलने की वजह से हरिद्वार रूट पर बसों की कमी को भी डिपो प्रशासन इससे भर नहीं पा रहा है। फिलहाल हरिद्वार रूट पर संचालित डिपो की बसें के अलावा अन्य जिलों व राज्य की बस सेवाओं से ही यात्रियों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।
चौक-चौराहों पर भी जूझे यात्रीहरिद्वार और अगले इलाकों में जाने के लिए नगर के चौक-चौराहों और बस स्टॉपेज पर भी यात्रियों की भीड़ दिखी। टेंपों और अन्य सवारी वाहन भी यात्रियों से पैक होकर निकले। यहां भी यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। कोयलघाटी, आईडीपीएल सिटी गेट, श्यामपुर और रायवाला में सवारी वाहन के पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों में आपाधापी जैसी स्थिति बनी नजर आई।

