दुखद: मिट्टी ढहने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत

दुखद: मिट्टी ढहने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत
Spread the love

घर की लिपाई के लिए मिट्टी खोद रही थीं मृतक महिलाएं

रुद्रप्रयाग। गुरुवार का दिन जनपद के तीन परिवारों के लिए मातम का संदेश लेकर आया। एक दर्दनाक हादसे में इन परिवारों की तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रुद्रप्रयाग से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चिरबिटिया में हुआ, जहां मिट्टी में दबने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। सूचना पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंच गई है।  हादसे के बाद से महिलाओं के घर कोहराम मच गया है।

यहां मिली जानकारी के अनुसार, तीनों महिलाएं दोपहर में घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं। देर शाम तक जब वे घर नहीं पहुंची तो परिजन उन्हें ढूंढ़ने के लिए गए। तब पता चला कि महिलाएं मिट्टी में ही दब गई हैं। बताया जा रहा है लुठियाग गांव की तीन महिलाएं गांव के पास ही मिट्टी लेने गई। इसी बीच अचानक ऊपर पहाड़ी दरकने के कारण तीनों महिलाएं खान में ही दब गई। इस हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

डीडीआरएफ और तहसील प्रशासन की टीम घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गई। खबर भेजे जाने तक मौके पर मिट्टी हटाने का काम चल रहा था। करीब दो घंटे रेस्क्यू कर मलबे में दबी तीनों महिलाओं के शव निकाले गए।

आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में लुठियाग गांव निवासी 40 वर्षीय आशा देवी पत्नी दिनेश सिंह, 52 वर्षीय माला देवी पत्नी दर्शन सिंह और 48 वर्षीय सोना देवी पत्नी पूरण सिंह शामिल हैं। इधर, एसडीएम जखोली की मौजूदगी में तीनों शवों को निकाल दिया गया है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में ग़म का माहौल बना हुआ है।

 

Parvatanchal